June 6, 2026

विकसित फरीदाबाद रैली में CM की बड़ी घोषणा, 120 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की शुरुआत

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फरीदाबाद में आयोजित “विकसित फरीदाबाद” रैली में कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने शहर के विकास को नई गति देने के लिए 120 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से चार बड़े प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं में रेस्ट हाउस निर्माण, डिस्पेंसरी और सीएमओ ऑफिस, अलग-अलग इलाकों में सीवरेज लाइन और ओल्ड फरीदाबाद में स्कूल भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जेसी बोस विश्वविद्यालय में पहले लगे रोजगार मेले में चयनित करीब 1331 युवाओं को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र भी दिए।

स्वच्छता पर जोर
उन्होंने फरीदाबाद को देश के सबसे साफ शहरों में शामिल करने का लक्ष्य बताया और स्वच्छता अभियान में लोगों से जुड़ने की अपील की। इस दौरान स्वच्छता शुभंकर और कॉमिक भी लॉन्च की गई।

सरकार के वादों पर काम जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि फरीदाबाद में की गई 44 घोषणाओं में से 24 पूरी हो चुकी हैं और बाकी पर काम चल रहा है। साथ ही सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 217 में से 60 वादे डेढ़ साल में पूरे कर दिए हैं।

अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। लोगों से अपील की गई कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बेवजह खरीदारी से बचें।

जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र
उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है, जैसे— सस्ती गैस, किसानों के लिए MSP, पेंशन, आवास योजना, आयुष्मान योजना और युवाओं को बिना खर्ची-परची नौकरी।

नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले 12 सालों में फरीदाबाद में तेजी से विकास हुआ है और बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार हुआ है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद अब तेजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बन रहा है। जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आरटीएस प्रोजेक्ट से शहरों के बीच दूरी कम होगी।

कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।