Faridabad/Alive News : आदर्श नगर क्षेत्र में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने दो सरकारी राशन डिपो पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों डिपो पर राशन सामग्री में भारी गड़बड़ी सामने आई।
पहले मामले में डिपो धारक उदयजीत सिंह को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 2555 किलोग्राम गेहूं, 186 लीटर सरसों का तेल और 82 किलोग्राम चीनी आवंटित की गई थी। लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान 6155 किलोग्राम गेहूं, 422 लीटर सरसों का तेल और 215 किलोग्राम चीनी पाई गई। इस प्रकार डिपो पर 3600 किलोग्राम गेहूं, 246 लीटर सरसों का तेल और 133 किलोग्राम चीनी अधिक मिली।
इसके बाद सीएम फ्लाइंग टीम ने रोहताश नामक दूसरे डिपो धारक के यहां जांच की। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से इस डिपो को 3801 किलोग्राम गेहूं, 177 किलोग्राम चीनी और 524 लीटर सरसों का तेल दिया गया था। जबकि जांच में 9001 किलोग्राम गेहूं, 117 किलोग्राम चीनी और 524 लीटर सरसों का तेल पाया गया। यहां पर 5200 किलोग्राम गेहूं अधिक मिला।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उपनिरीक्षक अखिल जैन ने बताया कि दोनों डिपो धारकों की राशन वितरण मशीनों की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि मशीनों से उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट लगभग एक किलोग्राम गेहूं कम दिया जा रहा था।
उपनिरीक्षक अखिल जैन ने दोनों डिपो धारकों के खिलाफ थाना आदर्श नगर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने कम राशन वितरण और अनियमितताओं के आरोप में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

