March 8, 2026

फरीदाबाद में कपड़े के बैग बांटे गए और नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान और सेवा पखवाड़ा के तहत फरीदाबाद नगर निगम ने लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।

इस दौरान सामाजिक संस्थाओं ने कपड़े के बैग बांटे और लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल छोड़कर टिकाऊ विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

एस.ओ.आर.टी. फाउंडेशन (स्वर्ण लता मदरसन ट्रस्ट की सीएसआर पहल) ने भारतीय प्रदूषण नियंत्रण संघ के सहयोग से एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। इसमें साफ-सफाई और पर्यावरण बचाने से जुड़े संदेश दिए गए, जैसे –कचरे को गीला और सूखा अलग करना, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करना, कपड़े के बैग का उपयोग करना, स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए छोटे-छोटे कदम उठाना।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज में जागरूकता फैलाने का बेहतरीन काम कर रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद बदलाव का हिस्सा बनें  घर से निकलते समय अपना बैग साथ रखें, प्लास्टिक को ‘ना’ कहें और रोजाना कचरे को अलग-अलग करें।