March 8, 2026

क्लर्क सतीश सांगवान को शिक्षा निदेशालय ने किया बर्खास्त

Faridabad/Alive News: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत सतीश सांगवान को बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई उसे एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद की गई है। देर शाम को आदेश जारी हुए।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में सतीश सांगवान के खिलाफ थाना सेक्टर-31 फरीदाबाद में धोखाधड़ी और साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने 16 जुलाई 2024 को उसे दो वर्ष की सजा और जुर्माने की सजा सुनाई थी। हालांकि, आरोपी द्वारा जिला सत्र अदालत में दायर अपील पर अस्थायी रूप से सजा पर रोक लगा दी गई थी। सतीश पर एसजीएम नगर, सेक्टर-48 में नगर निगम की जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप था।

अब हरियाणा सिविल सेवा नियमावली के तहत कार्रवाई करते हुए सतीश सांगवान को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह आदेश शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) संजीव कुमार द्वारा जारी किया गया है। हालांकि सतीश सांगवान का कहना है कि वह हाई कोर्ट में इस आदेश को चैलेंज करेंगे।