March 7, 2026

हर शनिवार उद्योगों में, हर रविवार बाजार और कॉलोनियों में चलेगा सफाई अभियान

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा शहरी स्वच्छता अभियान-2025 (24 अगस्त से 7 नवम्बर 2025) के अंतर्गत जिले में प्रत्येक सप्ताह स्वच्छता अभियान और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जिला स्तर पर नियुक्त समन्वयक अधिकारियों की देखरेख में यह अभियान नियमित रूप से संचालित होगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार औद्योगिक संगठनों, उद्योगों एवं एमएसएमई के सहयोग से हर शनिवार सुबह ग्यारह बजे से दोपहर एक बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं, पार्षदों एवं मार्केट एसोसिएशन, अस्पतालों, आरडब्ल्यूए तथा एनजीओ के साथ मिलकर हर रविवार सुबह नौ बजे से ग्यारह बजे तक अभियान आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को  अपने-अपने क्षेत्रों में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर साप्ताहिक सफाई अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अभियान की रिपोर्ट, फोटो एवं वीडियो प्रत्येक सप्ताह जिला कार्यालय को भेजने के लिए भी कहा गया है, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी और मूल्यांकन किया जा सके।