Faridabad/Alive News: हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों एवं नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा (आईएएस) के मार्गदर्शन में आज शनिवार को बल्लभगढ़ क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टिपरचंद शर्मा उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों और बाजारों में विशेष स्वच्छता कार्य किए गए। अतिथियों ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया और उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ किए गए स्वच्छ भारत मिशन को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नगर निगम टीम और सफाईकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त बाजार, और सफाई बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया। इसके साथ ही रेस्ट हाउस परिसर में अतिथियों और स्थानीय लोगों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद महेश गोयल, मार्किट कमेटी चेयरमैन संजीव बैंसला, मार्किट के प्रधान श्री प्रेम खट्टर, एवं सफाई निरीक्षक बृजमोहन शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

