May 19, 2024

शहर को बंदरों के उत्पात मिलेगा छुटकारा, अरावली वन क्षेत्र में बनेगा मंकी जोन

Faridabad/Alive News: नगर निगम ने अरावली वन क्षेत्र में मंकी जोन बनाने की योजना बनाई है। निगम मंकी जोन संचालित करने के लिए सामाजिक संगठन का सहयोग लेगा। निगम सूत्रों के अनुसार शहर में लगभग सात हजार बंदर हैं। इन बंदरों को निजी एजेंसी के माध्यम से पकड़ कर अरावली क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। इसके लिए जल्द ही निगम टेंडर होगा। मंकी जोन में बंदरों के रहने के साथ-साथ उनके खाने पीने की भी व्यवस्था होगी।

दरअसल, इन दिनों शहर के लोग बंदरों के उत्पात से परेशान है। बंदरों के उत्पात की शिकायतें लगातार नगर निगम में आती रहती हैं। एनआइटी तथा ओल्ड फरीदाबाद की विभिन्न कालोनियों के अलावा सेक्टरों में बड़ी संख्या में बंदर घरों में घुस कर उत्पात मचाते रहते हैं। नगर निगम की ओर से अरावली वन क्षेत्र में घास फूस से मंकी जोन विकसित किया जाना है। जोन में पेड़-पौधे विकसित किए जाने की योजना है, ताकि वहां बंदर रह सकें। साथ में एक छोटा सा तालाब भी बनाया जाएगा, ताकि बंदर पानी पी सकें।

मिली जानकारी के मुताबिक सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। जोन बनने के बाद कई मंदिरों में बोर्ड लगा कर जागरूक किया जाएगा कि जो लोग बंदरों की सेवा करना चाहते हैं, वे इस जोन में जा सकते हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट को चलाने के लिए निगमायुक्त यशपाल यादव की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। इस जोन तक जाने के लिए इस तरह से रास्ता भी तैयार किया जाएगा, जिससे लोग यहां पहुंच कर बंदरों को खाना खिला सकें।