May 19, 2024

फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में होगा भाजपा-जेजेपी का गठबंधन, अन्य राजनीतिक पार्टियों के लिए बढ़ सकती है मुश्किल

Faridabad/Alive News: हरियाणा के सबसे पहले नगर निगम फरीदाबाद और सबसे नए नगर निगम मानेसर (गुरुग्राम) के चुनाव भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी मिलकर लड़ेंगे। फिलहाल फरीदाबाद नगर निगम में वार्ड बंदी का काम अंतिम चरण में है। इसमें 45 वार्ड बनाए जाएंगे। ऐसे ही गुरुग्राम नगर निगम के मौजूदा 35 वार्ड में से कुछ घटाकर मानेसर में जोड़े जाएंगे और मानेसर नगर निगम में 20 वार्ड बना दिए जाएंगे।

गुरुग्राम नगर निगम के वार्ड घटाने का निर्णय भी जनसंख्या के आधार पर तय होगा। यदि जनसंख्या पांच वर्ष में बढ़ी हुई रही तो वार्ड की संख्या यथावत भी रखी जा सकती है। इतना जरूर है कि भाजपा के रणनीतिकारों ने इन तीनों नगर निगम के चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। फरीदाबाद नगर निगम और मानेसर नगर निगम के चुनाव एक साथ हों, इसलिए शीघ्र ही मानेसर में वार्ड बंदी का काम शुरू हो सकता है।

सरकार और भाजपा संगठन इन नगर निगम के चुनावों को लेकर काफी गंभीर है। मिली जानकारी के अनुसार खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल की निगरानी में सारे फैसले लिए जा रहे हैं। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डाक्टर कमल गुप्ता को भी इस बाबत संगठन की तरफ से जानकारी दे दी गई है, ताकि इन क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों को भी गति दी जा सके।

बताया जा रहा है कि वार्ड बंदी के दौरान ही भाजपा के रणनीतिकार यह सुनिश्चित कर लेंगे कि जजपा के खाते में कौन से वार्ड जाएंगे। इसके लिए यह भी तय कर लिया गया है कि गांव आधारित शहरी वार्डों को इस तरह बनाया जाए कि इन पर जजपा का उम्मीदवार उतारा जा सके। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम और फरीदाबाद के विकास के लिए एकमुश्त राशि भी रिलीज करने के लिए सहमति दे दी है। इसे नगर निगम चुनाव में मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।