Faridabad/Alive News: सेक्टर 28 स्थित डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस बड़े उत्साह, आनंद और उल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम स्कूल के प्रधानाचार्य नितिन वर्मा के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि यह दिवस भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जन्म जयंती के रूप में मनाया जाता है।
इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग कार्यक्रम में गीत, नृत्य, नाटक, कविता और भाषण शामिल थे। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत हास्य नाटक ने बच्चों को खूब आनंदित किया। स्कूल परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे चित्रकला, निबंध लेखन, वाद-विवाद और खेल गतिविधियां आयोजित की गई। स्कूल के इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य नितिन वर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “हर बच्चा अनमोल है, उसमें एक नई सुबह की आशा और उज्ज्वल भविष्य की किरण छिपी है। हमें बच्चों को केवल ज्ञान नहीं, अच्छे संस्कार भी देना चाहिए ताकि वे समाज और देश का गौरव बन सकें।”

