March 10, 2026

विश्व शतरंज दिवस पर शतरंज प्रतियोगिता आयोजित, रिया रावत रहीं प्रथम

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा में विश्व शतरंज दिवस के मौके पर विद्यार्थियों के लिए शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्कूल के प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के मार्गदर्शन और शारीरिक शिक्षा अध्यापिका दीपांजलि शर्मा के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में एकाग्रता, सोचने की ताकत, धैर्य और सही फैसले लेने की क्षमता को बढ़ाना था। बच्चों को शतरंज के खेल का इतिहास, बोर्ड की बनावट, मोहरों की चालें और खास चालों जैसे कास्टलिंग और पॉन प्रमोशन के बारे में विस्तार से बताया गया।

बच्चों ने शतरंज की बारीकियों को बड़े उत्साह से सीखा और आपस में खेलकर रणनीति बनाना और निर्णय लेना भी समझा। साथ ही शतरंज से जुड़ी पहेलियों के ज़रिए बच्चों की सोचने की क्षमता को भी बढ़ावा दिया गया।

इस प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं बी की रिया रावत ने पहला स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं ए की स्नेहा यादव दूसरे और कक्षा 9वीं ए की शालू रॉय तीसरे स्थान पर रहीं।

प्राचार्य रविंद्र मनचंदा ने कहा कि शतरंज सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जीवन में धैर्य और दूरदर्शिता से काम लेने का अभ्यास है। उन्होंने बच्चों को इसे पढ़ाई में भी अपनाने के लिए प्रेरित किया।