Faridabad/Alive News: नगर निगम ने प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के लिए चेकर नियुक्त किए हैं ताकि गलतियों को तेजी से ठीक किया जा सके। पहले यह काम जेडटीओ के पास था जिससे काम धीमा हो रहा था। अभी तक केवल 50 प्रतिशत आईडी ही दुरुस्त हो पाई हैं। निगम 6 से 27 सितंबर तक कैंप भी लगाएगा जिनमें प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन और बिल रिकवरी का काम होगा।
शहर में प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों में सुधार की गति को तेज करने के लिए निगम ने चेकर की नियुक्ति की है। यह चेकर आईडी में मोबाइल नंबर और पता सही करने का काम करेंगे। अभी तक यह खामिया दुरुस्त करने का काम जेडटीओ के पास था।
इसके साथ जेडटीओ प्रॉपर्टी टैक्स और सीवर पानी टैक्स का काम भी संभाल रहे थे। जिसकी वजह से आईडी को दुरुस्त करने का काम गति नहीं पकड़ पा रहा था। इसका परिणाम आम लोगों को भुगतना पड़ रहा था।
अभी तक निगम 50 प्रतिशत आईडी को भी दुरुस्त नहीं कर पाया है। शहर में प्रॉपर्टी आईडी की संख्या कुल साढ़े आठ लाख है। जबकि डेढ लाख प्रॉपर्टी आईडी ही दुरुस्त हो पाई है। लोग प्रतिदिन मुख्यालय में आईडी दुरुस्त कराने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
इसके साथ ही निगम का प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन का काम भी काफी धीमी गति से चल रहा है। जिसकी वजह से टैक्स रिकवरी नहीं हो पा रही है। प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन की धीमी गति के कारण निगम को शहरी स्थानीय निकाय की ओर से फटकार भी लगा चुके हैं।
6 से 27 सितंबर तक लगाए जाएंगे कैंप
निगम की ओर से छह से 27 सितंबर तक अलग-अलग जगहों पर कैंप लगाए जाएंगे। कैंप को लेकर तीन टीमों का गठन किया गया है। इन कैंप में प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन, लाल डोर सर्टिफिकेट, पानी और सीवर बिल रिकवरी का काम किया जाएगा।
कैंप को लेकर नगर निगम शहर की अलग-अलग आरडब्ल्यूए और एनजीओ से भी संपर्क साधने में जुटा है। ताकि अधिक से अधिक लोगों को कैंप तक लाया जा सके।

