June 6, 2026

गाड़ी साइड करने को लेकर कारोबारी पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Faridabad/Alive News: शहर के एनआईटी 2 इलाके में आज सरेआम हिंसा की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां के बी ब्लॉक में गाड़ी साइड करने जैसे मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक कारोबारी युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान चिराग के रूप में हुई है, जो घटना के समय अपने घर से मंदिर की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब चिराग की गाड़ी को लेकर कुछ युवकों से बहस हो गई। देखते ही देखते 5-6 लड़कों ने चिराग को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में हमलावरों की संख्या बढ़कर 10 से 12 हो गई, जिन्होंने लाठी-डंडों से लैस होकर युवक पर धावा बोल दिया।

हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं थमा; उन्होंने युवक को बेरहमी से पीटने के साथ-साथ उसकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में चिराग को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है।

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने इस सरेआम हुई गुंडागर्दी पर गहरा रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।