March 7, 2026

सीईटी परीक्षा: फरीदाबाद में सभी इंतजाम समय से पूरे हों – एडीसी सतबीर मान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सीईटी-2025 परीक्षा की तैयारियों को लेकर एडीसी सतबीर मान ने अधिकारियों की बैठक ली और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र का पेपर सिर्फ इस वजह से न छूटे कि उसे समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि सीईटी परीक्षा 26 और 27 जुलाई को चार शिफ्टों में होगी और फरीदाबाद जिले में 163 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। फरीदाबाद के साथ-साथ पलवल, गुरुग्राम, नूंह, रोहतक और झज्जर के परीक्षार्थी भी यहीं परीक्षा देंगे। हर शिफ्ट में करीब 45 हजार छात्र शामिल होंगे।

एडीसी ने बताया कि दूर-दराज के गांवों से आने वाले छात्रों के लिए विशेष बस सेवाएं चलाई जाएंगी और जरूरतमंद छात्रों को पिक एंड ड्रॉप सुविधा भी दी जाएगी। इसके लिए पुलिस, रोडवेज और परिवहन विभाग मिलकर काम करेंगे।

जल्द ही एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर और जिला प्रशासन की ओर से समर्पित हेल्पलाइन नंबर भी जारी होगा, जिससे अभ्यर्थी किसी भी परेशानी की स्थिति में मदद मांग सकेंगे।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी सुविधाएं – जैसे पीने का पानी, शौचालय, बिजली, बैठने की व्यवस्था और रास्ता – पहले से चेक कर ली जाएं। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने और शांति का माहौल सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा होगी।

बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, आरटीए मुनीश सहगल, जीएम रोडवेज फरीदाबाद शिखा अंतिल, सीटीएम अंकित कुमार सहित शिक्षा, पुलिस एवं अन्य सम्बंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।