Faridabad/Alive News: सीईटी-2025 परीक्षा के दौरान फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी ने एक बेहतरीन मिसाल पेश की, जहाँ स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
पर्वतीय कॉलोनी स्थित शिवाजी पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यह केंद्र शुरुआत में खराब सड़क और सुविधाओं की कमी को लेकर विवाद में रहा। लेकिन स्कूल प्रबंधक अरुण कुमार के नेतृत्व और कॉलोनीवासियों के सहयोग से सब कुछ व्यवस्थित किया गया।
अरुण कुमार ने बताया कि परीक्षा से चार दिन पहले तक वे बहुत तनाव में थे, लेकिन स्थानीय निवासी मोहित भाटी, ईश्वर सिंह, रणबीर सप्लायर, बहादुर और सुनील पांचाल ने मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद पार्षद गायत्री देवी और प्रशासन ने पूरा साथ दिया। दो दिन में स्कूल के सामने की सड़क साफ करवा दी गई।
स्कूल प्रबंधन ने 11वीं और 12वीं के छात्रों को अभिभावकों की अनुमति से स्वयंसेवक बनाया, जिन्होंने हर चौक पर खड़े होकर परीक्षार्थियों को सही दिशा दिखाई। क्षेत्र के दुकानदारों ने भी परीक्षार्थियों की मदद की।
अरुण कुमार ने कहा कि वह प्रशासन, स्थानीय नागरिकों और जिला शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिनके भरोसे और सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

