Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पुलिस की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति से 23 लाख 40 हजार 780 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई थाना सूरजकुंड पुलिस ने की।
पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर शहर में अलग-अलग जगहों पर नियमित चेकिंग की जा रही है। इसी दौरान 17 अप्रैल को दोपहर करीब 12:30 बजे सूरजकुंड के शूटिंग रेंज इलाके में नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को रोका गया।
पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से बड़ी मात्रा में कैश मिला। पूछताछ करने पर वह व्यक्ति यह नहीं बता पाया कि पैसे कहां से लाया और कहां ले जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जो खेड़ीपुल इलाके के इंदिरा कॉम्प्लेक्स का रहने वाला है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद के अनुसार, व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया और बरामद रकम जब्त कर ली गई। इसके बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए इनकम टैक्स विभाग के हवाले कर दिया गया है।

