April 19, 2024

तोड़फोड़ कार्यवाही के सात माह बाद कार शोरूम संचालक ने रेलवे की जमीन पर किया अवैध कब्जा

Faridabad/Alive News : नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण नीलम चौक स्थित कार शोरूम संचालक ने सात महीने बाद फिर से सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। जबकि, पहले नगर निगम ने जमीन को खाली कराया गया था। उसके बाद निगम अधिकारियों ने इस जमीन की कोई सुध नही ली। हालांकि, उस समय यह पूरा तोड़फोड़ अभियान तत्कालीन आयुक्त प्रशांत अटकान के नेतृत्व में चला था।

उस समय संयुक्त आयुक्त की ओर से कर्मिशयल यूजर चार्ज वसूलने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान का एनआईटी जोन से तबादला कर दिया गया है। अब कार शोरूम संचालक ने दोबारा से रेलवे लाइन के किनारे सरकारी जमीन पर कारों को खड़ा करना शुरू कर दिया है। जमीन पर बेड़ा लगाकर 100 से अधिक कारों को खड़ा किया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव के आदेश पर पूरे शहर में तोड़फोड़ अभियान चलाया हुआ है। बाजारों सहित कई अन्य जगहों पर तोड़फोड़ की जा रही है। लेकिन पूरा तोड़फोड़ दस्ता इतनी बड़ी सरकारी जमीन पर कब्जा होने से पूरी तरह से अनजान बना हुआ है।