Noida/Alive News: सूरजपुर कोतवाली अंतर्गत तिलपता गोल चक्कर के समीप तेज रफ्तार कार एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि कार चालक को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बाहर निकल गया।
घटना दो दिन पहले की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार गोल चक्कर से दादरी की ओर तेज गति से जा रही थी। तभी अचानक सामने से एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने कार अचानक मोड़ दी।
इससे चालक से अनियंत्रित कार सड़क किनारे करीब 4 फीट गहरे निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों की मदद से चालक बाहर निकाला गया। हादसे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से नाले में फंसी कार को बाहर निकलवाया। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जांच अधिकारी एवं तिलपता चौकी प्रभारी रितिक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई।

