March 10, 2026

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल विद्यार्थियों को लेकर पहुंचे हरियाणा विधानसभा, बजट सत्र की कार्यवाही देखी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल उन्हें चंडीगढ़ लेकर पहुंचे। यहां विद्यार्थियों और अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र की कार्यवाही को करीब से देखा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अजरौंदा फरीदाबाद के विद्यार्थी और शिक्षक तथा राष्ट्रीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ओल्ड फरीदाबाद की छात्राएं और शिक्षक भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर हो रही चर्चा, सरकार की नीतियों और फैसलों की प्रक्रिया को ध्यान से देखा और समझा।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ना बहुत जरूरी है। जब विद्यार्थी खुद विधानसभा की कार्यवाही देखते हैं और समझते हैं कि जनप्रतिनिधि किस तरह जनता के मुद्दे उठाते हैं और उन पर चर्चा होती है, तो उनमें लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज के युवाओं के हाथ में है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों को लोकतंत्र की ताकत और जिम्मेदारी को समझने में मदद करते हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस अवसर के लिए मंत्री विपुल गोयल का धन्यवाद किया और कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को करीब से देखना उनके लिए एक नया और प्रेरणादायक अनुभव रहा।