March 8, 2026

बसेलवा कॉलोनी हत्या केस: 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बसेलवा कॉलोनी में हुई हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी थाना ओल्ड का दुष्चरित्र (BC) है और उस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जगदीश निवासी सनराइज कॉलोनी मवई ने शिकायत दी थी कि उसका बेटा प्रवीण बसेलवा कॉलोनी में पनीर की दुकान चलाता था। 2 अक्टूबर की रात करीब 10-11 बजे वह दुकान के कर्मचारी धर्मेंद्र के साथ घर जा रहा था। रास्ते में जब प्रवीण सागर जनरल स्टोर से सामान ले रहा था, तभी वहां खड़े राजा और उसके साथियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उन्होंने प्रवीण से मारपीट की और राजा ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शिकायत पर थाना ओल्ड में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा (27), निवासी बसेलवा कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि वारदात के समय राजा और उसका साथी सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ और राजा ने प्रवीण के सीने में चाकू मार दिया। आरोपी पर पहले से ही करीब 12-13 आपराधिक केस दर्ज हैं और वह कुछ माह पहले ही जेल से बाहर आया था।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।