Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में BSNL की भूमिगत कॉपर केबल चोरी करने वाले 4 आरोपियों को क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने गिरफ्तार किया है। चोरी की गई 40 मीटर कॉपर केबल की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, BSNL के JTO ने सेक्टर 16 चौकी में शिकायत दी थी कि 20 से 22 अक्टूबर के बीच मेट्रो अस्पताल और सनफ्लैग अस्पताल के पास बिछाई गई कॉपर केबल को अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर 17 में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों को पकड़ा कार्तिक (25), निवासी नोएडा, आलोक (32), निवासी सेक्टर 86 नोएडा, साकिब (19), निवासी दिल्ली, सोहेब (32), निवासी गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देते थे। वे JCB मशीन और अन्य उपकरण लेकर आते थे ताकि लोगों को लगे कि वैध काम चल रहा है। JCB से खुदाई कर आरोपियों ने 40 मीटर कॉपर केबल काटी और उसे कंटेनर में डालकर ले गए। पुलिस ने आरोपियों से 18,000 रुपये भी बरामद किए हैं।
चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

