June 6, 2026

फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने BSNL की कॉपर केबल चोरी करने वाले दिल्ली के 4 चोर किये गिरफ्तार

bsnl-copper-cable-theft-four-arrested-in-faridabad

सेक्टर-15 मार्केट के मेन गेट के सामने फुटपाथ खोदकर चुराई थी केबल, आरोपी भेजे गए जेल

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने सेक्टर-15 मार्केट के मेन गेट के सामने फुटपाथ की खुदाई कर BSNL की कॉपर केबल चोरी करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली के रहने वाले 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान राजा बाबू (उम्र-25), मोहम्मद आजाद (उम्र 45), आफताब (वर्ष 32) और आमिर (उम्र 23) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, BSNL के जेटीओ (JTO) संदीप शर्मा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 27 मई को उन्हें सूचना मिली कि सेक्टर-15 मार्केट के मेन गेट के सामने फुटपाथ की खुदाई करके कुछ अज्ञात चोरों द्वारा BSNL की कीमती कॉपर केबल चोरी कर ली गई है। इस शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना सेंट्रल में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच क्राइम ब्रांच सेंट्रल को सौंपी गई।

क्राइम ब्रांच की गहन जांच में सामने आया कि इस पूरी चोरी की मुख्य साजिश आरोपी आफताब और आमिर ने मिलकर रची थी। केबल को जमीन से बाहर निकालने यानी खुदाई करने के काम के लिए उन्होंने राजा बाबू और मोहम्मद आजाद को दिल्ली से बुलाया था, जिन्हें इस काम के बदले 5000 दिए गए थे।

चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कटी हुई केबल को एक गाड़ी में लादकर मौके से फरार हो गए और बाद में उसे बेच दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी के चालक और चोरी का माल (केबल) खरीदने वाले कबाड़ी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।