New Delhi/Alive News: उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे के कारण रेल व हवाई यातायात पर असर पड़ा है। दृश्यता कमजोर होने से रेलवे ने आज 279 ट्रेनें निरस्त कर दी हैं, जबकि 100 से ज्यादा उड़ाने लेट है।
बता दें, कि दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में इन दिनों शीतलहर चल रही है। तापमान तेजी से लुढ़क गया और घना कोहरा छाया हुआ है। घने कोहरे के कारण मंगलवार को राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर दृश्यता 50 मीटर तक रह गई। इससे दिल्ली आने-जाने वाली 15 ट्रेनें देर से चलीं, जबकि दो के टाइम में बदलाव करना पड़ा।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे व कम दृश्यता के कारण करीब 100 उड़ानों पर असर पड़ा। दो विमानों को जयपुर भेजा गया। लेकिन न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि, हवा के मंद पड़ने और चटख धूप के चलते राजधानीवासियों और आसपास के इलाकों में रहने वालों को भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, अधिकतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।

कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इन इलाकों में कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा भी छाया रहेगा। उसके बाद शीतलहर से कुछ राहत मिल सकती है और कोहर में भी कुछ कमी आने की उम्मीद है। दिल्ली की सुबह आज भी बेहद सर्द है। राजधानी में भीषण शीत लहर की स्थिति बनी हुई है।