September 15, 2026

बीपीएल/एएवाई परिवारों को  मिलेगा 2 लीटर सरसों तेल रियायती दर पर

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार द्वारा मई 2026 माह के लिए बीपीएल/एएवाई परिवारों को फोर्टिफाइड सरसों तेल उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था की गई है। इस योजना के अंतर्गत पीपीपी में सत्यापित वार्षिक आय 1.80 लाख तक वाले प्रत्येक पात्र बीपीएल/एएवाई परिवार को प्रति माह 2 लीटर सरसों तेल प्रदान किया जाएगा।

डीसी ने बताया कि सरकार द्वारा सरसों तेल की अधिकतम कीमत 300 रुपये प्रति 2 लीटर निर्धारित की गई है, जबकि लाभार्थियों को यह तेल 30 रुपये प्रति लीटर और 100 रुपये प्रति 2 लीटर की रियायती दर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के सुचारू क्रियान्वयन हेतु हैफेड एवं हर-हिथ (हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड) के बीच जिलावार आवंटन आपसी सहमति से किया गया है। दोनों एजेंसियां प्रत्येक माह कॉनफेड के फोकल प्वाइंट पर फोर्टिफाइड सरसों तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरसों तेल पैकेज्ड रूप में, एफएसएसएआई प्रमाणित एवं पूर्णतः सील बंद बोतलों में ही वितरित किया जाएगा। आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी अथवा सील में दोष पाए जाने की स्थिति में संबंधित एजेंसी पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगी।

तेल की गुणवत्ता एवं मात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) द्वारा गठित समितियां नियमित जांच करेंगी। आवश्यकता पड़ने पर यादृच्छिक नमूनों की प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी। यदि आपूर्ति एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक बोतल पर निर्माण तिथि, समाप्ति/उपयोग की अंतिम तिथि, पोषण मूल्य (प्रति 100 ग्राम) तथा “सरकारी आपूर्ति – हरियाणा सरकार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली हेतु” अंकित होना अनिवार्य होगा।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने संबंधित सभी एजेंसियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मई 2026 के लिए फोर्टिफाइड सरसों तेल की आपूर्ति एवं वितरण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को इस योजना का पूरा लाभ मिल सके।