April 27, 2024

दिल्ली-एनसीआर में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सितम जारी, 9 और 10 जनवरी को बारिश की संभावना

New Delhi/Alive News: पिछले कुछ दिनों से दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। कोहरे के कारण आम जन से लेकर यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए हैं, उड़ानों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। शनिवार को हवाओं की दिशाओं में बदलाव से तापमान में कुछ बढ़त होने की उम्मीद है।

मौसम के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। शुक्रवार को दिल्ली का जाफरपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को दिन में आसमान साफ रह सकता है। कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़त हो सकती है। नौ जनवरी को दिन के समय हल्की बारिश या बूंदा-बांदी का आसार बन रहे हैं। 10 जनवरी को भी बूंदा बादी के आसार बन रहे हैं। बारिश से मौसम साफ होगा। इससे तापमान में बढ़त होने की उम्मीद है।