March 7, 2026

नकल-मुक्त व निष्पक्ष हों बोर्ड परीक्षाएं : एसडीएम

Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को नकल-मुक्त और निष्पक्ष रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से फरीदाबाद के एसडीएम अमित कुमार ने आज विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सराय ख्वाजा स्थित राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दौरा कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट की उपस्थिति सुनिश्चित की तथा परीक्षार्थियों की एंट्री प्रक्रिया, फ्रिस्किंग और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।

एसडीएम ने कंट्रोल रूम, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव और परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों और स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम समय पर उठाने पर भी जोर दिया गया।