May 4, 2024

बी.के. अस्पताल में भटकते रहे मरीज, अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे रहे डॉक्टर

Faridabad/Alive News: हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज के अह्वान पर ओपीडी सेवाएं बंद का असर फरीदाबाद के बादशाह खान (बीके) अस्पताल में भी देखने को मिला। जानकारी के अभाव में ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए लाईन में लगे मरीज घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे और जब बारी आई तो पता चला कि आज डॉक्टरों की हड़ताल है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इलाज के लिए मरीज अस्पताल में इधर-उधर भटकते रहे लेकिन ईलाज के लिए डॉक्टर नहीं मिला। हालांकि हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं बहाल रही।

दरअसल, देश और प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर लगातार पैर पसार रही है और सबसे ज्यादा और बड़ी जिम्मेदारी डॉक्टरो के कंधे पर है, लेकिन हरियाणा में आज सरकारी अस्पताल के सभी डॉक्टर एक दिन के हड़ताल पर रहे। लंबित मांगों को लेकर हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के आह्वान पर बीके अस्पताल के डॉक्टर भी हड़ताल पर चले गए। फिलहाल मंगलवार को जिले में सभी ओपीडी सेवाएं बंद रही। जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं, वैक्सीनेशन, पोस्टमार्टम, ऑपरेशन तथा गंभीर बीमारियों का ईलाज जारी रहा।

डॉक्टरों की क्या थी मांगे
जानकारी के मुताबिक हड़ताल पर गए डॉक्टरों की पहली मांग है कि सरकार एसएमओ की सीधी भर्ती न करें। वहीं दूसरी मांग स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की अलग कैडर बनाना है। तीसरी मांग है कि एसएमओ की सीधी भर्ती ना की जाए, जिन डॉक्टर्स को 10-15 साल का अनुभव है उन्हें एसएमओ बनाया जाए।

बी.के. अस्पताल में नहीं लगा हड़ताल संबंधित कोई नोटिस
बी.के.अस्पताल जिले का एकमात्र सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है ऐसे में प्रतिदिन भारी संख्या में मरीज ईलाज के लिए यहां आते हैं। लेकिन बीके अस्पताल में हड़ताल संबंधित कोई भी नोटिस नहीं लगाया गया। जिससे मरीज परेशान रहे।

क्या कहना है ईलाज के लिए आए लोगों का
मैं अपनी आंख का ईलाज कराने पाली से बीके अस्पताल आई हूं। मुझे ओपीडी सेवाएं बंद होने की कोई जानकारी नहीं थी। आज ईलाज के बिना वापस लौटना पड़ रहा है।
-नीलम, निवासी गांव पाली।

मैं पर्वतीय कॉलोनी से आई हूं मेरे कमर में दर्द है और हड्डी वाले डॉक्टर को दिखाना था। अस्पताल में आकर पता चला कि आज डॉक्टरों की हड़ताल है।
-माया देवी, पर्वतीय कॉलोनी ।

मेरी बेटी को उल्टी-दस्त लगे हैं उसे दिखाने के लिए कंपनी की छुट्टी करके आया हूं। अस्पताल आकर पता चला कि ओपीडी कार्ड नही बनेगा क्योंकि आज डॉक्टर हड़ताल पर है।
-शिव कुमार, फरीदाबाद ।