October 20, 2026

बीके अस्पताल में भुगतान के लिए कैश रखने की जरूरत होगी कम, चार जगह लगे क्यूआर कोड

Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज अब मोबाइल से ही पंजीकरण और अन्य निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। अस्पताल में चार प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिससे मरीजों को भुगतान के लिए नकदी लेकर चलने की जरूरत कम होगी। कैश काउंटर, आपातकालीन विभाग, महिला एवं एएनसी पंजीकरण काउंटर और नए ओपीडी पंजीकरण काउंटर पर यूपीआई से भुगतान की सुविधा दी गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अस्पताल में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए यह व्यवस्था की गई है। मरीज या उनके परिजन संबंधित काउंटर पर लगे क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन कर भुगतान कर सकते हैं। इससे भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाने और काउंटर पर लगने वाले समय को कम करने में मदद मिल सकती है।

पंजीकरण के दौरान भी कर सकेंगे भुगतान

अस्पताल में ओपीडी पंजीकरण कराने वाले मरीजों के साथ-साथ महिला एवं एएनसी पंजीकरण कराने आने वाली महिलाओं को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। आपातकालीन विभाग में आने वाले मरीजों के परिजन भी निर्धारित शुल्क का भुगतान डिजिटल माध्यम से कर सकेंगे। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि भुगतान की प्रक्रिया सरल हो और मरीजों को इलाज से जुड़ी औपचारिकताओं के दौरान कम परेशानी उठानी पड़े।