March 7, 2026

सूरजकुंड से शुरू होगा भाजपा का महाप्रशिक्षण अभियान

Faridabad/Alive News : भारतीय जनता पार्टी का पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान गुरुवार से सूरजकुंड, फरीदाबाद से शुरू होगा। अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए पहली कार्यशाला सुबह 11 बजे प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली की अध्यक्षता में आयोजित होगी। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि यह अभियान सालभर विभिन्न स्तरों पर चलेगा। सबसे पहले 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के 377 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण होंगे और फिर प्रदेश स्तर पर विधायकों व जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि महाप्रशिक्षण का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण है। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास, कार्यपद्धति, अनुशासन और जनसंपर्क के विषय में प्रशिक्षित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर गठित टोली भी इस अभियान का मार्गदर्शन करेगी।