Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार सरकार बनाई है। सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण किया। शपथ लेने के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।
राज्यपाल आर.एन. रवि ने सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य नेताओं को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल हैं। सभी नेताओं ने बांग्ला में शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का भी सम्मान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। माखनलाल सरकार जनसंघ और राष्ट्रवादी आंदोलनों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं।
बचपन से धार्मिक रहे सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी का जन्म 1970 में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी गांव में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव धर्म और अध्यात्म की ओर था। वे नियमित रूप से रामकृष्ण मिशन जाते थे। परिवार को डर था कि वे कहीं संन्यासी न बन जाएं। बाद में उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया और अविवाहित रहने का संकल्प लिया।
उन्होंने 1980 के दशक के अंत में कांथी के प्रभात कुमार कॉलेज से छात्र राजनीति की शुरुआत की और धीरे-धीरे पूर्व मेदिनीपुर में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
अग्निमित्रा पॉल दूसरी बार विधायक बनीं
अग्निमित्रा पॉल पश्चिम बंगाल की आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा विधायक हैं। वे 2021 में पहली बार विधायक चुनी गई थीं और 2026 में दूसरी बार जीत हासिल की। हालांकि, वे 2022 का आसनसोल लोकसभा उपचुनाव और 2024 का मेदिनीपुर लोकसभा चुनाव हार चुकी हैं।
परेड ग्राउंड में जुटी भारी भीड़
कोलकाता के परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक पहुंचे। लोग हाथों में भगवा झंडे लेकर “जय श्री राम” के नारे लगा रहे थे। समारोह स्थल पर चुनावी हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं की याद में एक स्मारक भी बनाया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे परेड ग्राउंड पहुंचे। वहां उन्होंने सुवेंदु अधिकारी और भाजपा नेताओं के साथ रोड शो भी किया। इस दौरान लाखों समर्थकों की भीड़ मौजूद रही।

