Delhi/Alive News: दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को रुझानों में बहुमत मिल गया है।
01:15 PM
Delhi Chunav Result: ‘लगभग 600 वोट से हम पीछे रह गए’
AAP नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, “जंगपुरा के लोगों ने बहुत प्यार दिया लेकिन लगभग 600 वोट से हम पीछे रह गए। जो उम्मीदवार जीते हैं, हम उन्हें बधाई देते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि जंगपुरा के लोगों की समस्याओं को वे हल करेंगे।”
01:13 PM
Delhi Election Result 2025: ‘झूठ, फरेब, मुफ्तबाजी की राजनीति का अंत’
हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि “दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। AAP की हार के बाद झूठ, फरेब, मुफ्तबाजी की राजनीति का अंत हो रहा है…दिल्ली के समझदार लोगों ने बहुत अच्छा फैसला दिया है कि कांग्रेस अब इस देश में ज़ीरो है।”
01:12 PM
‘मैं जनता का शुक्रिया अदा करता हूं’
पटपड़गंज विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार अवध ओझा ने कहा, “मैं जनता का शुक्रिया अदा करता हूं… मैं दूसरे स्थान पर आया, अगली बार खुद को शीर्ष पर लाने की कोशिश करूंगा। चूक यह हुई कि मैं सभी से मिल नहीं पाया, शायद मुझे इसके लिए अच्छा समय नहीं मिला लेकिन फिर भी मैं इस हार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेता हूं।”
01:11 PM
Delhi Chunav Result: ‘आपदा हटाओ, दिल्ली बचाओ’
पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रविंदर सिंह नेगी ने कहा कि “मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा। यह उनका आशीर्वाद था, जिस तरह से उन्होंने आम आदमी पार्टी को आपदा कहा, उन्होंने कहा आपदा हटाओ, दिल्ली बचाओ। लोगों ने इसे स्वीकार भी किया। शीर्ष नेतृत्व के नेतृत्व में हमें जीत मिली है, मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं…।
01:10 PM
ये जीत अरविंद केजरीवाल को समर्पित है: कुलदीप कुमार
कोंडली विधानसभा से AAP उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने जीत दर्ज़ की है। उन्होंने कहा कि “ये जीत अरविंद केजरीवाल को समर्पित है। उन्होंने दूसरी बार मुझे टिकट दिया था और मैं जीत के आया हूं। AAP दिल्ली में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है और अरविंद केजरीवाल चौथी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।”
01:04 PM
आज न्याय हुआ है: विश्वास
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर पूर्व AAP नेता और कवि कुमार विश्वास ने कहा कि “मैं भाजपा को जीत की बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे दिल्ली की जनता के लिए काम करेंगे। मुझे उस आदमी से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने AAP पार्टी कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया। दिल्ली अब उससे मुक्त हो चुकी है। उसने उन सपनों का इस्तेमाल अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के लिए किया। आज न्याय हुआ है।
01:01 PM
Delhi Election Result 2025: ‘इस बार दिल्ली के लोगों ने झूठ को जीतने नहीं दिया’
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा की बेटियां त्रिशा और सानिधि कहती हैं, “हम नई दिल्ली के लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं। दिल्ली के लोग झूठ बोलकर सरकार चलाने वाले व्यक्ति को दोबारा मौका देने की गलती कभी नहीं करेंगे। हमें पता था कि स्पष्ट जीत होगी, बस हम सही समय का इंतजार कर रहे थे। इस बार दिल्ली के लोगों ने झूठ को जीतने नहीं दिया…”
12:53 PM
Delhi Election Result Live: सीएम आतिशी ने रमेश बिधूड़ी को हराया
दिल्ली की कालकाजी सीट से चुनाव में हारते-हारते सीएम आतिशी जीत गई हैं। सिसोदिया और केजरीवाल हार गए हैं।
त्रिलोकपुरी विधानसभा सीट पर 10 राउंड पूरे हो गए हैं। आप की (अंजना पारचा) 4027 वोट से आगे हैं।
कृष्णा नगर विधानसभा सीट सीट पर पांच राउंड पूरे। भाजपा के डॉ अनिल गोयल 14,377 वोट से चल रहे हैं।
12:48 PM
Delhi Election 2025 Result: भाजपा के अरविंदर सिंह लवली 11919 वोट से आगे
गांधी नगर विधानसभा सीट पर 10 राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। भाजपा के अरविंदर सिंह लवली 11919 वोट से आगे चल रहे हैं। ग्रेटर कैलाश सीट पर 11 राउंड पूरे हो गए हैं। भाजपा की शिखा ने बढ़त बना रखी है। भाजपा की शिखा राय को 42280 वोट मिले हैं। जबकि आप के सौरव भारद्वाज को 38634 वोट मिले हैं।
12:46 PM
Election Delhi 2025: केजरीवाल को 3182 वोटों से मिली हार
नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हरा दिया है। केजरीवाल को 3182 वोटों से हार मिली है। अरविंद केजरीवाल की हर की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।