March 7, 2026

बीजेपी फूट डालकर राज करने वाली, कांग्रेस और इनेलो डूबी हुई नाव – दिग्विजय चौटाला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर भेदभाव और क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारी बरसात और जलभराव से हुई फसल खराबे के बावजूद किसानों को मुआवजा देने में देरी की गई और प्रभावित क्षेत्रों में असमान व्यवहार किया गया। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने क्षेत्र नारायणगढ़ और लाडवा में बिना सत्यापन 15–20 करोड़ रुपये का मुआवजा जारी कराया, जबकि अन्य क्षेत्रों में बार-बार सत्यापन के बाद भी बहुत कम मुआवजा दिया गया। वे रेवाड़ी जिले में जेजेपी के युवा योद्धा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियों के खिलाफ सभी को मिलकर आवाज उठानी होगी। दुष्यंत चौटाला ने बुजुर्गों और विधवाओं की पेंशन कटौती, सड़कों की मरम्मत न होने और गांवों में विकास कार्य ठप होने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल वोट चोरी का शोर मचा रही है। उन्होंने बताया कि जेजेपी बूथ स्तर पर फर्जी वोटों की निगरानी के लिए बीएलए-2 की नियुक्ति करेगी।

वहीं जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह फूट डालकर राज करने की सोच रखती है। उन्होंने कांग्रेस और इनेलो को डूबती हुई नाव बताते हुए कहा कि प्रदेश के हित में जनता को जेजेपी का साथ देना चाहिए। इस मौके पर कई वरिष्ठ जेजेपी नेताओं ने भी युवाओं को संबोधित किया।

no