May 17, 2024

किसान आंदोलन का भाजपा सांसद वरूण गांधी और प्रियंका गांधी ने किया समर्थन

Lucknow/Alive News : मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत को लेकर भाजपा सांसद वरूण गांधी और प्रियंका गांधी ने किसानों का समर्थन किया है। उन्होंने किसानों का दर्द समझने की अपील की है। और प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि मुजफ्फरनगर में आज लाखों किसान धरना प्रदर्शन में जुटे हैं, वे हमारा ही खून हैं। हमें उनके साथ सम्मानजनक तरीके से फिर से जुड़ना शुरू करने की जरूरत है। उनके दर्द समझें, उनका नजरिया देखें और जमीन तक पहुंचने के लिए उनके साथ काम करें। वहीं प्रियंका गांधी ने कहा है कि किसान इस देश की आवाज हैं। किसान देश का गौरव हैं। किसानों की हुंकार के सामने किसी भी सत्ता का अहंकार नहीं चलता। खेती-किसानी को बचाने और अपनी मेहनत का हक मांगने की लड़ाई में पूरा देश किसानों के साथ है।

मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के जीआईसी ग्राउंड में आयोजित इस महापंचायत को किसान एक पर्व की तरह देख रहे हैं। जिले के अलमासपुर चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक किसानों की जबरदस्त भीड़ एक रेले के रूप में बढ़ रही है। सफेद कमीज व कुर्ता पायजामा, सिर पर हरी टोपी और गमछा लिए किसानों की लंबी लाइनें दूर तक नजर आ रहीं हैं। 

वहीं महापंचायत शुरू होने से पहले आयोजकों ने राकेश टिकैत का हरे, नारंगी और सफेद गमछे हवा में लहराकर स्वागत किया और महापंचायत को शुरू कराने की हामी भरी। पंचायत स्थल पर भारी संख्या में युवा किसान नजर आए। किसानों का उत्साह किसी उत्सव से कम नहीं लग रहा है। 

किसान महापंचायत में महिलाओं की बढ़चढ़कर भागीदारी नजर आ रही है। हरियाणा राज्य से काफी संख्या में महिलाएं किसान दलों के साथ पंचायत स्थल पर पहुंची है। बता दें कि कर्नाटक के भी कई किसान दल महापंचायत में शामिल होने पहुंचे हैं। 

इसके अलावा महावीर चौक के पास एक न्यूज चैनल की महिला न्यूज एंकर के साथ भीड़ ने जमकर अभद्रता की। कुछ लोगों ने बमुश्किल भीड़ से बचाकर महिला न्यूज एंकर को एक कार्यालय में पहुंचाया, जहां से पुलिस ने सुरक्षा के बीच उन्हें बाहर निकाला। बाद में महिला न्यूज एंकर बिना कवरेज किए वापस चली गईं।