April 25, 2024

शहरी निकायों चुनावों में 25 पर भाजपा-जजपा गठबंधन जीती, 19 पर निर्दलीय ने मारी बाजी

Chandigarh/Alive News : हरियाणा के 46 शहरी निकायों चुनावों में से 25 पर भाजपा-जजपा गठबंधन ने जीत हासिल की है। वहीं 19 जगह निर्दलीयों ने बाजी मारी है। इस बार चेयरमैन पद के लिए सीधा चुनाव हुआ है। वहीं 25 निकायों में से 22 के चेयरमैन भाजपा और तीन जजपा के होंगे। 19 नगर परिषद-पालिकाओं को निर्दलीय चेयरमैन चलाएंगे। आप और इनेलो का भी एक-एक चेयरमैन जीता है। पहली बार निकाय चुनाव लड़ रही आप अपना खाता खोलने में सफल रही। कांग्रेस ने यह चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं लड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के गृह जिले में भाजपा तीन निकायों में हार गई। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला अपने गृह विधानसभा क्षेत्र उचाना की नगरपालिका में गठबंधन प्रत्याशी को नहीं जिता पाए। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के गृह जिले फतेहाबाद में गठबंधन का एक ही उम्मीदवार जीत पाया।

इसके अतिरिक्त गृह जिले हिसार में हांसी और बरवाला दोनों सीटों पर गठबंधन प्रत्याशी हार गए। कृषि मंत्री जेपी दलाल के गृह जिले भिवानी में भिवानी नगर परिषद चेयरमैन आजाद उम्मीदवार बनी हैं। सहकारिता मंत्री बनवारी लाल के गृह क्षेत्र बावल में आजाद उम्मीदवार जीत गए। स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता अपने जिले की कालका नगर परिषद, राज्य मंत्री संदीप सिंह पिहोवा नगर पालिका और राज्य मंत्री कमलेश ढांडा अपने जिले की तीनों सीटें गठबंधन की झोली में डालने में कामयाब रहे।

इसके अलावा 18 नगर परिषद और 28 नगरपालिकाओं में कुल 18.30 मतदाता हैं। इनमें से 70.04 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया था। यह 2016 के निकाय चुनाव से 11 प्रतिशत कम रहा। जिन निकायों के बुधवार को नतीजे आए, इनमें से 35 पर भाजपा काबिज थी। अभी भाजपा के 22 उम्मीदवार ही चेयरमैन पद का चुनाव जीत पाए हैं। ऐसे में अकेले भाजपा को 13 सीटों का नुकसान हुआ है।