April 24, 2024

अटाला बवाल मामला : पुलिस की सिरदर्दी बने 31 आरोपी, 12 दिन बीतने पर भी नही मिला कोई सुराग

Lucknow/Alive News : अटाला बवाल मामले में पुलिस के लिए आरोपियों को पकड़ना बहुत बड़ी चुनौती बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार 12 दिन बीतने के बाद भी पुलिस 31 आरोपियों का पता नही लगा पाई है। इनमें करेली के पार्षद फजल व एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष शाह आलम समेत पांच वह आरोपी भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक अटाला बवाल मामले में कुल 95 नामजद और 5400 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। इनमें से खुल्दाबाद थाने में दर्ज एक मुकदमे में 70 जबकि करेली थाने में दर्ज दो मुकदमों में 25 लोग नामजद किए गए थे। अब तक कुल 103 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें से कई नामजद तो कुछ अज्ञात भी शामिल हैं जिन्हें वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से चिह्नित किया गया है।

फिलहाल 32 नामजद आरोपी ऐसे हैं जो 12 दिन बीतने के बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनकी तलाश में खुल्दाबाद व करेली पुलिस के साथ एसओजी को भी लगाया गया है। पुलिस प्रशासन कुछ अन्य आरोपियों के खिलाफ भी वारंट जारी कराने की तैयारी में है। 32 वांछितों में शामिल कुछ अन्य के खिलाफ भी एनबीडब्ल्यू जारी कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी।