March 10, 2026

भाजपा सरकार मीडिया को दबा रही है : दिग्विजय चौटाला

Chandigarh/Alive News : जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के चौथे स्तंभ मीडिया को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सारी हदें पार करते हुए हालात को आपातकाल से भी बदतर बना दिया है। दिग्विजय चौटाला का कहना है कि पत्रकारों पर दर्ज किए जा रहे मामलों से साफ हो गया है कि सरकार सच को सामने आने से रोकना चाहती है।

चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि वे “कमजोर, डमी और रिमोट कंट्रोल वाले सीएम” हैं, जिनके पास फैसले लेने की शक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी कारण प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और जनता परेशान है।

रेवाड़ी में युवा जोड़ो अभियान के तहत युवाओं को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पक्की नौकरी देना तो दूर, सरकार अपने किए वादों से भी पीछे हट रही है। एचकेआरएन कर्मचारियों को निकाले जाने और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों द्वारा बार-बार हड़ताल करने की नौबत को उन्होंने सरकार की नाकामी बताया।

चौटाला ने सवाल उठाया कि बिना रोजगार की गारंटी के युवाओं का भविष्य कैसे सुरक्षित हो सकता है? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को युवाओं की कोई चिंता नहीं है और 75 प्रतिशत रोजगार कानून भी केवल कागजों तक सीमित रह गया है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने दिग्विजय चौटाला का जोरदार स्वागत किया और अनेक युवाओं ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की।