May 6, 2024

2016 से पहले बने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र होंगे ऑनलाइन

Faridabad/Alive News : नगर निगम अब वर्ष 2016 से पहले बने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन करने की तैयारी में लगे है। निगम ने इस बारे में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। इसके तहत अब लोगों को कंप्यूटरीकृत जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।। जिनका जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पहले ऑफलाइन यानी मैन्युअली बनाए गए थे, वह निगम कार्यालय पहुंच कर उसे ऑनलाइन कराएं। मैन्युअली प्रमाण पत्र को ऑनलाइन फीड करने बाद कंप्यूटरीकृत प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार इसके तहत तैयारियां शुरू कर दी गई है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इस ऑनलाइन प्रक्रिया में लोगों को नगर निगम को किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना होगा।

जानकारी के मुताबिक अब जो भी जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बन रहे हैं, वह ऑनलाइन ही होंगे। इसके लिए रोजाना 100 से अधिक आवेदन किए जा रहे हैं। इससे लोगों को काफी फायदा होता है। वह ऑनलाइन पंजीकरण होने के बाद सर्टिफिकेट कहीं से भी निकाल सकते हैं। इससे उन्हें नगर निगम कार्यालय का चक्कर भी नहीं लगाना होगा।