May 3, 2024

भ्रष्टाचार की जड़ों तक पहुंचकर बड़े मगरमच्छ को करना होगा काबू : विधायक

Faridabad/Alive News : नगर निगम में 200 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा का कहना है कि सिर्फ मुख्य अभियंता दौलतराम भास्कर को गिरफ्तार करने से भ्रष्टाचार का खात्मा नहीं होगा और भ्रष्टाचार की जड़ों तक पहुंचकर बड़े मगरमच्छ काबू करने होंगे।

कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने स्टेट विजिलेंस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर को लिखे पत्र में कहा है कि डीआर भास्कर तो इस तरह के घोटाले में सिर्फ एक कड़ी है। इस कड़ी के अहम सदस्यों तक भी विजिलेंस जब तक नहीं पहुंचेगी, तब तक नगर निगम का भ्रष्टाचार पूरी तरह उजागर नहीं होगा। एक मुख्य अभियंता के स्तर पर 200 करोड़ रुपये का घोटाला नहीं हो सकता। भ्रष्टाचार के इस खेल में बड़े अधिकारी, राजनेता भी शामिल रहे हैं।

बता दें, कि नीरज शर्मा ने नगर निगम के भ्रष्टाचार का मुद्दा विधानसभा के बजट सत्र में उठाते हुए 22 मार्च को प्रण लिया था कि जब तक बिना काम भुगतान घोटाले में एक भी आरोपी को नहीं पकड़ा जाएगा। जब तक वह अपने अंग पर सिले हुए कपड़े धारण नहीं करेंगे। इसके अलावा पैरों में जूते भी नहीं पहनेंगे। इस प्रण के बाद ही राज्य सरकार ने पहले 200 करोड़ रुपये घोटाले के मुख्य आरोपी सतबीर ठेकेदार को गिरफ्तार किया और बाद में शुक्रवार देर सायं मुख्य अभियंता डीआर भास्कर को गिरफ्तार किया। भास्कर ने इससे पहले अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी मगर जिला अदालत ने इसे अस्वीकार किया।