October 21, 2026

सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी विदाई, अगले बरस फिर आने की लगाई गुहार

Faridabad/Alive News: मां दुर्गा की विदाई के मौके पर बुधवार को फरीदाबाद कालीबाड़ी में भक्ति और भावुकता का संगम देखने को मिला। दशमी पूजा के बाद सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां को विदाई दी। इस दौरान मंदिर परिसर में उत्साह के साथ माहौल भावुक भी हो गया।

सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने मां के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां दुर्गा के वरण की रस्म पूरी की गई। सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। मां की विदाई के समय श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष उनके दोबारा आगमन की कामना की।

विसर्जन के लिए रवाना हुए समिति के सदस्य

पूजा और रस्मों के समापन के बाद फरीदाबाद कालीबाड़ी समिति के सदस्य मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए बड़खल झील के पास मत्स्य विभाग क्षेत्र की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। मंदिर में पूरे आयोजन के दौरान बंगाली संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।