October 27, 2024

भारत जोड़ो यात्रा: 23 दिसम्बर को फरीदाबाद पहुंचेंगे राहुल गांधी, होगा जोरदार स्वागत

Faridabad/Alive News: अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का 23 दिसम्बर को फरीदाबाद में आगमन हो रहा है। यात्रा को सफल बनाने के लिए रविवार 11 दिसम्बर को सैक्टर-16 स्थित किसान भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई।

सम्मेलन को हरियाणा के राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित किया। जबकि मीटिंग की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान ने की। सर्वप्रथम सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा का फरीदाबाद पहुंचने पर फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद सभी कांग्रेसियों ने राहुल गांधी जिन्दाबाद, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा जिन्दाबाद, दीपेन्द्र हुड्डा जिन्दाबाद एवं प्रदेश अध्यक्ष उदयभान जिन्दाबाद के नारे लगाए गए। मीटिंग में उपस्थित कार्यकर्ताओं के समक्ष दीपेन्द्र हुड्डा ने अपने विचार एवं सुझाव पेश किए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार एकजुट होकर भारत जोड़ो यात्रा का जोरदार स्वागत करेगा। हिमाचल में कांग्रेस आई है और अब हरियाणा को जीतने की तैयारी है। आज फरीदाबाद कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जो जोश देखने को मिल रहा है, वह अपने आप में रिकॉर्ड है यह आने वाले शुभ समय का संदेश है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में पहले फरीदाबाद का टूर नहीं था, मगर मैंने उनसे आग्रह किया कि अगर आप रोहतक का रूट नहीं बना रहे हैं, तो न बनाएं, मगर फरीदाबाद का रूट अवश्य बनाएं।

जिसके बाद राहुल गांधी ने फरीदाबाद का रूट बनाया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सफल बनाने की जिम्मेदारी हमारी है। सभी साथी मिलकर राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाएंगे। सुबह 6 बजे यात्रा शुरू होगी और 10 बजे तक चलेंगे। उसके बाद दोपहर 3 बजे से यात्रा शुरू होती है। फरीदाबाद के कार्यकर्ता 21 दिसम्बर को जब मुंडका बॉर्डर से जब फरीदाबाद में एंट्री करेंगे तो बडक़ली चौक से मुंडका चौक तक 15 किलोमीटर की सिंगल सड़क है। फरीदाबाद की सभी 6 विधानसभाओं से 500-500 लोग मुंडका बॉर्डर पर उनके स्वागत के लिए समय से पहुंचें।