June 6, 2026

बांदा बना दुनिया का सबसे गर्म शहर, तापमान 47.6°C; देश के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

New Delhi/Alive News: उत्तर प्रदेश के बांदा में सोमवार को तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस समय दुनिया में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया तापमान है। इससे पहले यहां 47.4°C का रिकॉर्ड था। राजस्थान के जैसलमेर में 46.6°C और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 46°C तापमान दर्ज किया गया, जो पिछले कई सालों में सबसे ज्यादा है।

देश के कुल 6 शहरों में तापमान 46°C या उससे ज्यादा रहा। इनमें बाड़मेर, वर्धा, अमरावती और अकोला भी शामिल हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए दिल्ली में बस स्टॉप और बसों में ठंडा पानी और ORS उपलब्ध कराया जाएगा।

गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट शुरू करने के निर्देश दिए हैं। ये यूनिट्स मरीजों को तुरंत ठंडा करके और जरूरी इलाज देकर उनकी जान बचाने में मदद करती हैं।

मौसम विभाग ने 29 अप्रैल के लिए मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि हो सकती है।

30 अप्रैल को भी कई राज्यों में मौसम बदलने के आसार हैं। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।

इस साल अप्रैल में अब तक करीब 45 बार तापमान 45°C से ऊपर दर्ज हो चुका है, जो पिछले 4 साल में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन मई के पहले हफ्ते से फिर तापमान बढ़ेगा और कुछ इलाकों में पारा 48-50°C तक जा सकता है।

राजस्थान, बिहार और पंजाब में हाल ही में आंधी-बारिश और ओले भी गिरे हैं। कई जगह तेज हवाएं चलीं, जिससे नुकसान भी हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।