September 10, 2026

बल्लभगढ़ लघु सचिवालय में हार्ट अटैक पीड़ित चौकीदार की पुलिसकर्मियों ने CPR देकर बचाई जान

बल्लभगढ़ में चौकीदार की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते DCP

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ लघु सचिवालय में ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से अचेत हुए एक चौकीदार की पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और तत्परता से जान बच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत CPR देकर प्राथमिक सहायता दी और एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 5 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे बल्लभगढ़ लघु सचिवालय स्थित SDM कार्यालय में तैनात चौकीदार भीम सिंह को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उनकी हालत गंभीर होने पर वहां ड्यूटी पर तैनात EHC रविंद्र और CT योगेंद्र ने बिना समय गंवाए सहायता शुरू कर दी।

दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्काल भीम सिंह को CPR दिया और एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली प्राथमिक सहायता और उपचार के कारण उनकी जान बचाई जा सकी।

इस मानवीय कार्य में SPO ओमवीर ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए DCP बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने EHC रविंद्र और CT योगेंद्र को सम्मानित किया। दोनों को Class-III प्रशंसा और नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, SPO ओमवीर को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

DCP बल्लभगढ़ ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन की मदद करना भी है। पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।