March 8, 2026

बड़खल मेट्रो स्टेशन हत्या मामला: 24 घंटे में मुख्य आरोपी सहित 4 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास हुई युवक की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 अक्टूबर की सुबह बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस चौकी सेक्टर-19 को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान 27 वर्षीय मारूफ, निवासी मुल्लावास, कोसीकलां (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतक के भाई समीर ने बताया कि मारूफ 23 अक्टूबर को दिन में घर से निकला था और उसके बाद उसकी किसी ने चाकू से हत्या कर दी। इस पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेंट्रल को सौंपी गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों नितिन नेगी (निवासी गोर सीउर, उत्तराखंड, हाल निवासी भूपानी), वंश उर्फ वंशु (निवासी मेन मार्केट, ओल्ड फरीदाबाद), करण सरकार (निवासी मोहन नगर, पलवल, हाल निवासी भूड कॉलोनी फरीदाबाद) और मनीष (निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद, हाल निवासी बस्ती ओल्ड फरीदाबाद) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी नितिन नेगी की एक महिला से दोस्ती थी, जिसे मृतक मारूफ भी जानता था। कुछ दिन पहले मारूफ ने उस महिला से नितिन के बारे में आपत्तिजनक बात कही थी। महिला ने यह बात नितिन को बताई, जिससे नितिन ने बदला लेने की ठान ली। 23/24 अक्टूबर की रात नितिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास मारूफ पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

जांच में यह भी पता चला कि सासाराम ओयो होटल में काम करने वाले रोहित ने मारूफ के आने की जानकारी नितिन को दी थी।

मुख्य आरोपी नितिन नेगी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह मार्च 2025 में जेल से बाहर आया था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि आगे की जांच की जा सके।