March 7, 2026

बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता सत्र का किया आयोजन

Faridabad/Alive News : जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों, किशोरों और अभिभावकों के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक प्रभावों तथा शिक्षा और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करना रहा।

नेहरू कॉलोनी, सारण सर्कल और एनआईटी-2 सहित कई क्षेत्रों में आयोजित इन सत्रों में प्रतिभागियों को बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक शपथ ग्रहण भी कराया गया, जिसमें सभी ने बाल विवाह का समर्थन न करने और इसे रोकने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

जागरूकता अभियान में सरकारी अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह लड़कियों के शारीरिक, मानसिक विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। किशोरियों के लिए आयोजित कार्यशालाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों की जानकारी दी गई, जबकि युवाओं को समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने और बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में जागरूकता को मजबूत करना और बाल विवाह रोकथाम को सामाजिक दायित्व के रूप में आगे बढ़ाना रहा।