April 28, 2024

शहर में बढ़ा ऑटो का किराया, अब हर एक किलोमीटर पर देना होगा इतना किराया, पढ़िए

Poonam Chauhan/Alive News
Faridabad :
फरीदाबाद में महंगाई का करंट लगातार लोगों को झटके पर झटके दे रहा है। पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं कुछ दिनों से सीएनजी वाहन चलाने वाले लोगों को भी महंगाई का करंट झटके लगा रहा है। सीएनजी की बढ़ती कीमतों ने नौकरी पेशा लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक तो लोग पहले ही महंगाई का दंश झेल रहे थे, ऊपर से ऑटो के बढ़े किराए ने लोगों की मुसीबत और बता दी हैं। सीएनजी के रेट बढ़ते ही फरीदाबाद में ऑटो चालकों ने किराया दोगुना कर दिया है। जिस से आज पूरे दिन ऑटो चालक व सवारियों के बीच किराए को लेकर कहासुनी का माहौल देखने को मिला।

फरीदाबाद में ऑटो आम आदमी की लाइफ लाइन है। एक लाख से अधिक ऑटो शहर की सड़कों पर दौड़ रहे है, लोग पूरी तरह से ऑटो पर निर्भर है। ऐसे में किराए का दोगुना हो जाना मजदूर वर्ग के लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। सीएनजी के बढ़े दामों के कारण लोगों को अब कम से कम दूरी का न्यूनतम किराया ₹10 की जगह ₹20 देना होगा। अब सीएनजी 77 रुपए प्रति किलो हो गया है। जबकि 4 महीने पहले तक सीएनजी के रेट करीब ₹45 प्रति किलो के हिसाब से थे। 4 महीने में ₹30 की बढ़ोतरी ने सवारी वाहन चालकों की परेशानी और बता दी है। यदि किसी सवारी को बदरपुर से नीलम की दूरी तय करनी हो तो उसे पहले ₹25 देना होता था अब वह बढ़कर ₹50 हो गया है। वहीं अगर किसी को सराय से लेकर ओल्ड तक की दूरी तय करनी हो तो उसे अब ₹20 किराया देना होगा। ऐसे में बढ़े किराये को लेकर दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। बढ़े किराए के कारण लोगों का बजट बिगड़ रहा है।

क्या कहना है ऑटो चालक और सवारी का
लॉकडाउन में हमारा काम धंधा एकदम ठप्प पड़ गया था, सवारिया ना के बराबर मिलती थी जिसके कारण हमें काफी परेशानी हुई। अब हालत सुधरे हैं तो सीएनजी के दाम दोगुने हो गए हैं, इसीलिए किराया बढ़ाना हमारी मजबूरी है।

  • अवधेश, ऑटो चालक।

मेट्रो का किराया पहले ही ज्यादा था ऊपर से अब ऑटो का किराया भी बढ़ गया। अभी तक थोड़ी दूर के लिए ₹10 देने होते थे लेकिन अब ₹20 देने होंगे। अब तो ऑटो में बैठना भी मुश्किल हो जाएगा। गरीब लोग कैसे एडजस्ट करेंगे।

  • रोली, दैनिक यात्री।

क्या कहना है कांग्रेस नेता का
आम आदमी पर जबरदस्त तरीके से महंगाई की मार पड़ रही है। प्राकृतिक गैस की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। लोग भाजपा सरकार से काफी ख़फ़ा हैं, कांग्रेस महंगाई को लेकर एक्शन मोड़ में हैं और लगातार प्रदर्शन कर रही हैं।
विजय प्रताप सिंह, कांग्रेसी नेता बड़खल विधानसभा।