March 8, 2026

ट्रैफिक सुधार को लेकर ऑटो चालकों की गोष्ठी, संयुक्त पुलिस आयुक्त ने दिए निर्देश

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल (भा.प.से.) ने ऑटो यूनियन के प्रधानों और ऑटो चालकों के साथ एक गोष्ठी का आयोजन किया। यह बैठक पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-21C फरीदाबाद में हुई।

गोष्ठी में संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि फरीदाबाद में लगभग 40 से 45 हजार ऑटो चलते हैं, और यदि सभी चालक नियमों का पालन करें तो ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक सुधारा जा सकता है।

बैठक के दौरान सबसे पहले ऑटो चालकों की समस्याएं सुनी गईं। चालकों ने ऑटो पार्किंग और स्टैंड की व्यवस्था को लेकर अपनी परेशानियां बताईं। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक थाना प्रभारी और जोनल ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि यूनियन प्रतिनिधियों से मिलकर उचित स्थानों पर ऑटो पार्किंग और स्टॉप पॉइंट तय किए जाएं। साथ ही चौक-चौराहों से 50–100 मीटर की दूरी पर ऑटो स्टॉप बोर्ड लगाए जाएं और वहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात किए जाएं।

दुग्गल ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए उन्होंने कहा कि शहर में डीजल ऑटो प्रतिबंधित हैं, इन्हें सड़क पर न चलाएं। यूनिक नंबर प्लेट लगाएं और सभी दस्तावेज पूरे रखें। क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और नशा करके वाहन न चलाएं। जाम, तेज आवाज वाले म्यूजिक, मोबाइल उपयोग और खतरनाक ड्राइविंग से बचें। शालीन व्यवहार रखें और तय स्थान पर ही ऑटो खड़ा करें।

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने सभी चालकों से अपील की कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने दस्तावेज पूरे कर लें, अन्यथा उसके बाद फरीदाबाद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।