Faridabad/Alive News: हरियाणा नगर पालिका नागरिक भागीदारी अधिनियम, 2008 के तहत नगर निगम फरीदाबाद द्वारा नागरिक सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से वार्ड नंबर 1 से 46 तक एरिया सभाओं का गठन कर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर एवं सचिव निगम डॉ. विजयपाल यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि अधिकांश एरिया सभा बैठकों का आयोजन 29 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे विभिन्न वार्ड कार्यालयों, स्कूलों व सामुदायिक स्थलों पर किया जाएगा, जबकि वार्ड नंबर 44 की बैठक 31 जनवरी को प्रातः 11 बजे पंचायत वाटिका, चंदावली में आयोजित होगी। वार्ड नंबर 45 की बैठक दोपहर 2 बजे होगी। सभी बैठकों में संबंधित वार्ड के न्यूनतम 10 प्रतिशत मतदाताओं की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
एरिया सभा बैठकों के एजेंडे में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन तथा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों की वेरिफिकेशन शामिल है। इसके अतिरिक्त एरिया सभा की अनुमति से अन्य निगम संबंधी विषय भी चर्चा के लिए रखे जा सकेंगे।
नगर निगम फरीदाबाद ने सभी संबंधित वार्डों के मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर बैठक में भाग लें, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।

