April 30, 2024

विश्व नदी दिवस पर जल संरक्षण के लिए की अपील

Faridabad/Alive News : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में विश्व नदी दिवस पर जूनियर रेडक्रॉस, गाइड्स और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड ने जल संरक्षण की अपील की। प्राचार्य ने कहा कि इस वर्ष विश्व नदी दिवस पर हमारे माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे देश में नदियों के बारे में बताया गया है कि पिबन्ति नद्यः, स्वय-मेव नाम्भः अर्थात नदियाँ अपना जल खुद नहीं पीती अपितु परोपकार के लिए देती हैं।

हमारे लिए नदियाँ भौतिक वस्तु नहीं है हमारे लिए नदी एक जीवंत इकाई है और इसलिए हम नदियों को माँ कहते हैं। हमारे कितने ही पर्व, त्यौहार, उत्सव अथवा उमंग हो ये सभी हमारी इन माताओं की गोद में ही होते हैं। प्राचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में भी नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संदेश भी दिया उन्होंने कहा कि भारत में स्नान करते समय एक श्लोक बोलने की परंपरा रही है ‘गंगे च यमुने चैव गोदावरी सरस्वति. नर्मदे सिन्धु कावेरी जले अस्मिन् सन्निधिं कुरु ॥’ पहले हमारे घरों में परिवार के बड़े ये श्लोक बच्चों को याद करवाते थे और इससे हमारे देश में नदियों को लेकर आस्था भी पैदा होती थी।

इस दिवस को मनाने का उद्देश्य नदियों में बढ़ रहा जल प्रदूषण को कम करना है क्‍योंकि नदियां हमारे जीवन का एक अभिन्‍न अगं है जिस पर मनुष्‍य, जीव-जन्‍तु,पेड़-पौधे एवम वनस्पति निर्भर हैं। इस वर्ष के आयोजन का विषय हमारे समुदायों में जलमार्ग है, जिसमें शहरी जलमार्गों की सुरक्षा और पुनर्स्थापना की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया है। आज विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस और ब्रिगेड सदस्य छात्राओं ने प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर के मार्गदर्शन में पोस्टर बना कर जागरूक भी किया।

प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर और छात्राओं पल्लवी, प्रियांशी, अमृता एवम खुशबू का नदियों को स्वच्छ रखने के जागरूकता अभियान में भागीदारी के लिए अभिनंदन किया।