May 20, 2024

रूस-यूक्रेन युद्ध का शिकार हुआ एक और भारतीय छात्र, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

New Delhi/Alive News: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज नौवां दिन है। यूक्रेन पर रूसी सेना का हमला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच रूस की गोलाबारी में आज यूक्रेन की राजधानी में एक भारतीय छात्र को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। दूसरी और हमलों के चलते यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट जपोरीझिया में भी आग लग गई। आग लगने के बाद न्यूक्लियर पावर प्लांट धू धू कर जलने लगा। इस बीच यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस का कहना है कि पावर प्लांट के पास आग पर काबू पा लिया गया है।

बोरिस जानसन ने की जेलेंस्की से बात
यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट में आग लगने बाद से सभी यूरोपीय देशों में चिंता बढ़ गई है। इसको लेकर आज ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बातचीत भी की है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने न्यूक्लियर प्लांट की घटना पर चिंता जाहिर करते हुए जेलेंस्की से कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की लापरवाही अब सीधे तौर पर पूरे यूरोप की सुरक्षा को लिए नुकसानदायक हो गई है।

भारतीय वायु सेना ने भी युद्ध में यूक्रेन के लोगों को हो रही कठिनाइयों को कम करने के लिए कदम उठाया है। वायु सेना विमान के जरिए यूक्रेन के लिए लगभग 6 टन मानवीय सहायता के साथ हिंडन एयरबेस से सुबह 4:05 बजे रोमानिया के लिए निकली। बता दें कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारत सरकार द्वारा ओपरेशन गंगा चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज तीन और C-17 भारतीय वायु सेना के विमान से यूक्रेन से 630 भारतीय यात्रियों को बुखारेस्ट और बुडापेस्ट से दिल्ली लाया गया है।

यूक्रेन के लोगों ने अब खुद ही रूस की सेना को भगाने का जिमा उठा लिया है। मेलिटोपोल निवासियों द्वारा अपने शहर पर रूसी कब्जे का विरोध करने का वीडियो सामने आया है। सशस्त्र रूसी सैनिकों के सामने लोगों ने इकट्ठा होकर ‘वापिस जाओ’ के नारे लगाए और यूक्रेनी झंडे लहराए। इस बीच विरोध के दौरान रूसी सेना ने गोलियों भी चलाई। यूक्रेन पर रूसी हमले के बीच पुतिन के हमलों का मास्को में ही विरोध हो रहा है। मास्को के लोग सड़कों पर आकर विरोध मार्च कर रहे हैं।