March 8, 2026

सराय ख्वाजा हत्या केस में एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में हुई नवल भडाना हत्याकांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 28 सितंबर को सराय ख्वाजा निवासी नवल खटाना की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी की शिकायत पर चार नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्की उर्फ मोनू (27), निवासी सराय ख्वाजा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्की उर्फ मोनू अपने साथी योगेंद्र यादव उर्फ योगी और योगेंद्र उर्फ गोलू के साथ मिलकर घायल नवल को योगेंद्र यादव के मकान में ले गए और वहां एक कमरे में बंद कर छोड़ दिया था।

इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों अभिजीत और योगेंद्र उर्फ गोलू से पुलिस ने पूछताछ कर एक सुआ, एक जींस की पैंट और एक स्कूटी बरामद की थी।

गिरफ्तार आरोपी विक्की उर्फ मोनू को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।