Faridabad/Alive News: पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश पर फरीदाबाद पुलिस लगातार अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 25 लाख की लूट के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर की शाम सिही गेट स्थित सामुदायिक केंद्र के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने 25 लाख रुपये लूट लिए थे। इस घटना की रिपोर्ट थाना शहर बल्लभगढ़ में दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस पहले ही आरोपी नवीन, अभिषेक उर्फ अभी और अभिषेक को 25 नवंबर को गिरफ्तार कर चुकी है।
आगे की जांच में पुलिस ने एक और आरोपी कपिल (19), निवासी नारियाला, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि कपिल मुख्य आरोपी नवीन का दोस्त है और उसने अभिषेक उर्फ अभी व एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर लूट के 1 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने कपिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

